अमृतसर । असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह शनिवार को अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पंजाब पहुंचे। अदालत से अनुमति मिलने के बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच अमृतसर लाया गया। उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 800 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
जानकारी के अनुसार, अमृतपाल सिंह शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। इससे पहले उन्हें शुक्रवार को असम की डिब्रूगढ़ जेल से दिल्ली लाया गया था। वहां से पंजाब पुलिस की निगरानी में अमृतसर पहुंचाया गया। एयरपोर्ट से उनके पैतृक गांव तक भी पुलिस का कड़ा पहरा रहा।
तीन घंटे की कस्टडी पैरोल
अमृतसर की अदालत ने अमृतपाल सिंह को दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी है। आदेश के मुताबिक, उन्हें शनिवार दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक गांव में रहने की अनुमति मिली है। इस दौरान उनकी पूरी गतिविधियां पुलिस की निगरानी में रहेंगी। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद उन्हें वापस ले जाया जाएगा।
800 पुलिसकर्मियों की तैनाती
अमृतपाल सिंह के पहुंचने से पहले ही जल्लूपुर खेड़ा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। गांव के प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है और कई स्थानों पर पुलिस ने नाकेबंदी कर आवाजाही पर निगरानी रखी है।
अंतिम संस्कार स्थल के आसपास भी सुरक्षा के अलग-अलग घेरे बनाए गए हैं। परिवार के सदस्यों को ही अमृतपाल के नजदीक जाने की अनुमति दी जाएगी, जबकि समर्थकों और अन्य लोगों को निर्धारित दूरी पर रखा जाएगा। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और कार्यक्रम में हथियार लेकर नहीं आने की अपील की है।
8 नवंबर को हुआ था दादी का निधन
अमृतपाल सिंह की 84 वर्षीय दादी चरण कौर का 8 नवंबर को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। परिवार ने उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अमृतपाल की मौजूदगी तक स्थगित रखी थी। अदालत से अनुमति मिलने के बाद अब उनके अंतिम संस्कार का रास्ता साफ हुआ।
परिवार की ओर से 22 नवंबर को अस्थियां एकत्र करने की रस्म और 23 नवंबर को भोग कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। अप्रैल 2023 में गिरफ्तारी के बाद यह पहली बार है जब अमृतपाल सिंह पंजाब पहुंचे हैं।


