Skip to content

मेडिकल कॉलेज के बाहर भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना

इंदौर एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बाहर भ्रष्टाचार के विरोध में भजन-कीर्तन करते सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं और साधु-संत।

इंदौर। महात्मा गांधी स्मृति (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार, फर्जी नियुक्तियों, नियमविरुद्ध पदोन्नति और आर्थिक अनियमितताओं के आरोपों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों ने महिलाओं और साधु-संतों के साथ कॉलेज के मुख्य द्वार पर भजन-कीर्तन किया। इस दौरान जिम्मेदार अधिकारियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करते हुए कथित अनियमितताओं में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई गई।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता कमल गोस्वामी ने आरोप लगाया कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज सहित अन्य संस्थानों में फर्जी नियुक्तियों, नियमों के विपरीत प्रमोशन और आर्थिक गड़बड़ियों के मामले सामने आए हैं। उनका दावा है कि इन अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेजों और साक्ष्यों के साथ विभिन्न विभागों में शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

भजन-कीर्तन के जरिए जताया विरोध

शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज सामाजिक कार्यकर्ता पिछले चार दिनों से कॉलेज के मुख्य द्वार पर धरना दे रहे हैं। प्रदर्शन में साधु-संतों, महिलाओं और शहर के अन्य लोगों की भागीदारी भी रही। शुक्रवार को भजन-कीर्तन के माध्यम से शासन-प्रशासन और संबंधित अधिकारियों का ध्यान कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया।

धरना स्थल पर तोड़फोड़ और चोरी की शिकायत

इसी बीच धरना स्थल पर तोड़फोड़ और सामान चोरी किए जाने का मामला भी सामने आया है। कमल गोस्वामी के मुताबिक, कुछ अज्ञात लोगों ने धरना स्थल पर लगे पोस्टर और बैनर फाड़ दिए तथा टेंट की सामग्री को अस्त-व्यस्त कर दिया। उन्होंने कुछ सामान चोरी होने का आरोप भी लगाया है।
गोस्वामी का दावा है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध लोगों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। मामले में उन्होंने संयोगितागंज थाने में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही धरना समाप्त होने तक प्रदर्शन स्थल पर पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया है।
भ्रष्टाचार के आरोपों पर कार्रवाई की मांग के साथ शुरू हुआ यह प्रदर्शन अब धरना स्थल पर कथित तोड़फोड़ और चोरी की शिकायत को लेकर भी चर्चा में है।