Skip to content

महाराष्ट्र में फंसे 40 श्रमिक मुक्त, घर लौटे

महाराष्ट्र के सोलापुर से मुक्त कराए गए छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिक जिला प्रशासन की टीम के साथ।

सारंगढ़-बिलाईगढ़। रोजगार का झांसा देकर महाराष्ट्र के सोलापुर ले जाए गए छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को जिला प्रशासन ने बंधक जैसी परिस्थितियों से मुक्त कराया है। इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35 श्रमिकों के अलावा जांजगीर-चांपा के तीन और सक्ती जिले के दो श्रमिक शामिल हैं। प्रशासन की संयुक्त टीम ने सभी को सुरक्षित वापस लाकर उनके गृह ग्राम पहुंचाया। मुक्त कराए गए श्रमिकों में 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल हैं।

मामले का खुलासा ग्राम पंचायत उलखर निवासी एक श्रमिक की शिकायत के बाद हुआ। उसने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर बताया था कि महाराष्ट्र के सोलापुर में एक ठेकेदार रोजगार, रहने-खाने, बीमारी में इलाज और साप्ताहिक मजदूरी भुगतान का भरोसा देकर गांव के कई लोगों को गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग के काम के लिए ले गया था।

शिकायत के मुताबिक, महाराष्ट्र पहुंचने के बाद श्रमिकों से सुबह से रात 9 बजे तक काम कराया जाता था, लेकिन वादे के मुताबिक मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा था। पर्याप्त राशन भी उपलब्ध नहीं कराया जाता था। बीमार होने पर भी काम करने के लिए दबाव बनाया जाता था। श्रमिकों ने मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत भी की थी। आवेदक ने अपने परिवार के 16 सदस्यों को मजदूरी का भुगतान दिलाकर सुरक्षित वापस लाने की मांग की थी।

कलेक्टर के निर्देश पर सोलापुर पहुंची टीम

महाराष्ट्र के सोलापुर से मुक्त कराए गए छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिक जिला प्रशासन की टीम के साथ।
महाराष्ट्र के सोलापुर में बंधक जैसी परिस्थितियों में काम कर रहे 40 श्रमिकों को मुक्त कराकर गृह ग्राम पहुंचाया गया।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने 14 नवंबर 2026 को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद श्रम निरीक्षक डोलमनी माही, राजस्व निरीक्षक दीपक पटेल, सहायक उपनिरीक्षक प्रकाश रजक और आरक्षक भूपेंद्र कुमार चंद्रा को शामिल करते हुए संयुक्त टीम गठित की गई। टीम को महाराष्ट्र के सोलापुर भेजा गया।
सोलापुर पहुंचकर टीम ने मामले की जांच की। जांच में श्रमिकों से बंधक जैसी परिस्थितियों में गन्ना कटाई का काम कराए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद सोलापुर जिला प्रशासन के सहयोग से सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराया गया और उनकी सुरक्षित वापसी की व्यवस्था की गई।

तीन जिलों के श्रमिकों की हुई वापसी

मुक्त कराए गए श्रमिकों में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के उलखर, बैगनडीह, नौरंगपुर सहित अन्य गांवों के 35 लोग शामिल हैं। इनके अलावा जांजगीर-चांपा जिले के तीन और सक्ती जिले के दो श्रमिक भी वापस लाए गए। सभी 20 नवंबर को बचाव दल के साथ अपने गृह ग्राम पहुंचे। लंबे समय बाद परिवार के बीच लौटने पर श्रमिकों और उनके परिजनों ने प्रशासन के प्रति आभार जताया।

ठेकेदारों के झांसे में नहीं आने की अपील

इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने श्रमिकों से रोजगार के नाम पर दूसरे राज्यों में ले जाने वाले अनजान ठेकेदारों और बिचौलियों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि बाहर काम करने जाने से पहले संबंधित व्यक्ति और कार्यस्थल की पूरी जानकारी हासिल करें तथा श्रम विभाग में अपना पंजीयन कराएं।

किसी भी स्थान पर काम के दौरान शोषण, बंधक बनाए जाने या अन्य परेशानी की स्थिति में तत्काल श्रम विभाग अथवा पुलिस को सूचना देने की अपील भी की गई है।