Skip to content

लाजपत नगर में बेसमेंट में आग, एक कर्मचारी की मौत

दिल्ली के लाजपत नगर पार्ट-2 में पांच मंजिला इमारत के बेसमेंट में लगी आग के बाद राहत और बचाव अभियान।

दूसरा कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसा, सफदरजंग अस्पताल के ICU में भर्ती; वेल्डिंग के दौरान आग लगने की आशंका पर पुलिस ने दर्ज की FIR

नई दिल्ली । दक्षिण दिल्ली के लाजपत नगर पार्ट-2 में बुधवार दोपहर एक पांच मंजिला इमारत के बेसमेंट में संचालित मीडिया हाउस के कार्यालय में आग लगने से एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घायल कर्मचारी को सफदरजंग अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, दोपहर करीब 1:17 बजे G-5 बिल्डिंग में आग लगने की सूचना मिली थी। गश्त पर तैनात हेड कांस्टेबल गजानन ने सबसे पहले आग को देखा और तत्काल मौके पर पहुंचे। इसके बाद थाना प्रभारी मुकेश बालयान, इंस्पेक्टर अमित कुमार, सब इंस्पेक्टर दीपक सहित पुलिस की अन्य टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।

इमारत खाली कराकर चलाया गया बचाव अभियान

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इमारत की पहली से चौथी मंजिल पर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले स्थानीय निवासियों ने भी बेसमेंट में पानी डालकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। बाद में दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया।

वेल्डिंग के दौरान आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में पता चला कि इमारत के बेसमेंट में ‘मिलाना क्राफ्ट वर्क्स’ नाम से मीडिया हाउस का कार्यालय संचालित है। यहां अग्नि सुरक्षा उपकरण लगाने के लिए वेल्डिंग का काम कराया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान निकली चिंगारी से आग भड़की। हादसे के बाद गौरव नामक कर्मचारी को बेसमेंट से निकालकर सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्रेम सिंह शर्मा नामक दूसरा कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी हालत को देखते हुए उसे अस्पताल के ICU में भर्ती किया गया है।

ठेकेदार से पूछताछ, FIR दर्ज

स्थानीय निवासी अनिल कुमार और ललित ढींगरा के अनुसार, हादसे के बाद आसपास के लोगों और RWA सदस्यों ने भी आग बुझाने तथा इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है। वेल्डिंग का काम कराने वाले ठेकेदार को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।