मोहला (MMAC) । सात सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। तीन दिवसीय हड़ताल के तहत जिला मुख्यालय मोहला में कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कार्यकर्ताओं ने दो टूक कहा कि जिस सरकार को सत्ता की कुर्सी पर बैठाने की ताकत रखती हैं, उसे सत्ता से उतारने का दम भी रखती हैं।
आंदोलनरत कार्यकर्ताओं की सात सूत्रीय मांगों में मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि, नियमितीकरण, पर्यवेक्षक पद पर पदोन्नति के लिए आयु सीमा में छूट, मोबाइल एवं इंटरनेट खर्च का भुगतान, पुरानी पेंशन योजना लागू करने तथा प्रभार में कार्यरत कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि देने सहित अन्य मांगें शामिल हैं।
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का कहना है कि महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। बच्चों के पोषण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और महिलाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी वे लंबे समय से निभा रही हैं। इसके बावजूद कम मानदेय, बढ़ते कार्यभार और जरूरी सुविधाओं के अभाव में उन्हें काम करना पड़ रहा है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि वर्षों से विभागीय दायित्वों का निर्वहन करने के बावजूद उनकी सेवा और योगदान के अनुरूप वेतन एवं सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उनकी मांगें केवल आर्थिक लाभ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सेवा की सुरक्षा, सम्मान और भविष्य से भी जुड़ी हुई हैं।
कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से चर्चा में कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि तीन दिवसीय हड़ताल सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास है। यदि सात सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार कर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान नायब तहसीलदार मोहला लोकचंद साहू मौजूद रहे। उन्होंने आंदोलनकारी कार्यकर्ताओं से ज्ञापन प्राप्त किया। अब कार्यकर्ताओं की नजर शासन के रुख पर टिकी है। देखना होगा कि लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार कोई निर्णय लेती है या आंदोलन को आगे बढ़ाने की नौबत आती है।


